फोटो-कान्हा उपवन गौशाला में गौवंश की पूजा करते महापौर डॉ.अजय कुमार सिंह
-गोपाष्टमी पर महापौर ने की कान्हा उपवन गौशाला में गौवंश की पूजा व सेवा
सहारनपुर। महापौर डॉ.अजय कुमार का कहना है कि गाय मानव कल्याण का सबसे सुगम माध्यम तथा गौमूत्र और गोबर मानव जाति के लिए अनोखा वरदान है। गौमूत्र आयुर्वेद चिकित्सा शास्त्र का एक महत्वपूर्ण घटक है। अनेक व्याधियां इसके सेवन से ठीक हो जाती हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भी गौमूत्र चिकित्सा पद्धति पर काफी विश्वास करते थे। घरों को पवित्र करने के लिए घरों में गौमूत्र का छिड़काव हमारी प्राचीन परंपरा है, गाय के गोबर और गौमूत्र सकारात्मक ऊर्जा के स्त्रोत है। यही वजह है कि ऋषि-मुनियों के आश्रमों में गायों को विशेष रुप से रखा जाता था।
महापौर ने यह बात आज यहां नवादा रोड पर नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा उपवन गौशाला में गोपाष्टमी पर्व पर गौवंश की पूजा व सेवा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गाय का अत्यधिक महत्व है। समुद्र मंथन से हमें कामधेनु प्राप्त हुई थी। उन्होंने कहा कि गांवों में घरों की दीवारों को गोबर से घरों को पवित्र करने के लिए तो पूजा ही जाता है, साथ ही इससे घरों का तापमान भी संतुलित रहता है।
इससे पूर्व महापौर डॉ.अजय कुमार ने विधि विधान से गौवंश की पूजा अर्चना कर महानगर में सुख शांति और सहारनपुर के निरंतर विकास की कामना की। उन्होंने गायों को हरा चारा व गुड़ खिलाकर गौसेवा करते हुए गौमाता का आशीर्वाद लिया। उन्होंने गौशाला का निरीक्षण भी किया और गौशाला को आत्म निर्भर बनाने के लिए अनेक सुझाव दिए। इस अवसर पर अपर नगरायुक्त एस के तिवारी, नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ.संदीप मिश्रा, क्षेत्रीय पार्षद मोहर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
