नगर निगम गैराज के निरीक्षण के दौरान जानकारी लेती नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज
मशीनें और गाड़ियां गैराज में जंग खाने के लिए नहीं: नगरायुक्त
-नगरायुक्त ने गैराज का निरीक्षण करते हुए नयी मशीनों को वार्डो में भेजने के दिए निर्देश
सहारनपुर। आने वाले कुछ ही दिनों में महानगर में सड़कों व नालों की सफाई और दुरुस्त नज़र आयेगी। स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी और पंद्रहवें वित्त से खरीदी गयी मशीनों को नगरायुक्त ने वार्डो में सफाई कार्य में लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि मशीने, गाड़ियां, मड पम्प और रेहडे़ गैराज में जंग खाने के लिए खड़े न किये जाए।
ग़ज़ल भारद्वाज ने गैराज का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम के पास जितने भी संसाधन है उन्हें शहर को कूड़ा मुक्त करने के लिए वार्डो में लगाया जाना चाहिए। नगरायुक्त ने पंद्रहवें वित्त से सीवर चोक की सफाई के लिए आयी जैटिंग मशीन, नालों की सफाई के लिए आयी मिनी पोकलेन, रोबोट, बहको लोडर, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए मिनी टिपर व बडे़ टिपर के अलावा एनीमल इंसीलेटर व मेडिकल इंसीलेटर के सम्बंध में जानकारी ली।
नगरायुक्त ने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत खरीदे गए फ्रंट लोडर, बड़ी जेसीबी, मिनी टिपर व टैªक्टर तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत खरीदे गए डस्टबिन, लोहे के डस्ट बिन, रिक्शा रेहड़े सहित खरीदे गए डस्टबिन के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर सभी मशीने सफाई निरीक्षकों व अन्य लोगों को कार्य के लिए देकर जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अब सड़कों पर कूड़ा कहीं दिखाई न दे। उन्होंने निगम की सभी गाड़ियों की टैªकिंग व अनुरक्षण के लिए एक सॉफ्टवेयर बनवाने के लिए भी कहा।


